छाता जंगल में करंट लगाकर शिकार करने के दौरान युवक की मौत, 4 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 26 अप्रैल 2026

थाना बलौदा क्षेत्र के छाता जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिजली का तार फैलाते समय करंट लगने से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे ग्राम लेवई के 5 लोग छाता जंगल, खिसोरा के पास जंगली जानवरों के शिकार के लिए खुला जी.आई. तार फैला रहे थे। तार फैलाने के बाद 11 के.वी. के बिजली खंभे से करंट लेने के लिए एक युवक लकड़ी के डंडे के सहारे खंभे पर चढ़ा था। तभी अचानक करंट लगने से वह नीचे गिर गया। परिजनों को सूचना मिलने पर उसे तत्काल सरकारी अस्पताल बलौदा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों को पता था कि बिजली का करंट खतरनाक है, फिर भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अपने साथी को खंभे पर चढ़वाया गया। तार निकालते समय करंट लगने से उसकी मौत हो गई। इस मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 106(1), 3(5) बीएनएस एवं 135 विद्युत अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने सभी 4 आरोपियों को उनके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिजली के तार का इस्तेमाल न करें। यह न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि जानलेवा भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *