*FEARLESS NEWS UPDATE*
_अन्याय के खिलाफ न्याय के साथ_
जांजगीर-चांपा |
ऑनलाइन सट्टे के मायाजाल में फंसाकर युवाओं को बर्बाद करने वाले एक अंतरजिला हाईटेक गैंग का जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने *’BDG’ ऑनलाइन सट्टा ऐप* के जरिए अवैध कारोबार चलाने वाले पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ते हुए *मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार* किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे *साइबर जागृति अभियान* के तहत यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
कैसे हुआ खुलासा? मुखबिर की एक सूचना और उजड़ गया पूरा साम्राज्य
साइबर थाना जांजगीर को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी *हेमलाल यादव उर्फ सोनू* अपने मोबाइल फोन से अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना की तस्दीक होते ही साइबर पुलिस ने गवाहों के साथ त्वरित रेड कार्रवाई की। पूछताछ में हेमलाल ने कबूल किया कि वह BDG नामक सट्टा गेम खेलता है और इसका बहुत बड़ा नेटवर्क है। उसने बताया कि उसे यह आईडी *शैलेंद्र कुमार शर्मा* ने दी थी।
कड़ी से कड़ी जुड़ी और मास्टरमाइंड धरा गया
हेमलाल के मेमोरेंडम और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य संचालक *शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू (45 वर्ष), निवासी शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर* को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ में शैलेंद्र ने सारा राज उगल दिया। उसने बताया कि वह BDG ऐप की *मास्टर आईडी* और लिंक्स को व्हाट्सएप के जरिए अपने नीचे के लोगों तक पहुंचाता था। यह पूरा धंधा *नेटवर्क मार्केटिंग की तरह* चलता था – नीचे जुड़ा व्यक्ति जब भी पैसा लगाता था, तो ऊपर बैठे एडमिन को कमीशन मिलता था।
शैलेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने *महेश प्रसाद राठौर उर्फ मुकेश, राकेश कुमार राठौर उर्फ पप्पू, दुर्गेश कुमार राठौर उर्फ मनु और हीरालाल यादव* को भी धर दबोचा। सभी के मोबाइल से सट्टा ऐप की आईडी, स्क्रीनशॉट और चैट के पुख्ता डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं।
जांच में सामने आया हाईटेक तरीका – WhatsApp, Telegram और USDT से होता था लेन-देन
यह कोई देसी जुआ नहीं, बल्कि हाईटेक सट्टा रैकेट था। आरोपी पारंपरिक तरीके की जगह *मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप ग्रुप, टेलीग्राम चैनल और USDT (क्रिप्टो डिजिटल करेंसी)* के माध्यम से पैसों का लेन-देन कर रहे थे, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मास्टरमाइंड शैलेंद्र अकेले *लगभग 20 लाख रुपये का ऑनलाइन सट्टा खेल चुका है* और अपने लिंक के माध्यम से कई साथियों को इसकी लत लगाकर लाखों रुपये हरवा चुका है। आरोपियों के खातों में *30 लाख रुपये से अधिक का लेन-देन* पाया गया है।
पुलिस को इसके *दूसरे राज्यों से कनेक्शन* के भी पुख्ता सबूत मिले हैं, जिसकी गहनता से जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:

*1.* हेमलाल यादव उर्फ सोनू, 47 वर्ष, न्यू चंदनियापारा, जांजगीर
*2.* शैलेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शैलू, 45 वर्ष, शंकर विहार, जांजगीर – *मुख्य मास्टरमाइंड*
*3.* महेश प्रसाद राठौर उर्फ मुकेश, 47 वर्ष, न्यू चंदनियापारा
*4.* राकेश कुमार राठौर उर्फ पप्पू, 45 वर्ष, अकलतरा रोड, जांजगीर
*5.* दुर्गेश कुमार राठौर उर्फ मनु, 45 वर्ष, पुराना चंदनियापारा
*6.* हीरालाल यादव, 47 वर्ष, न्यू चंदनियापारा
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ *छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं BNS की धारा 112(2)* के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
*पुलिस की जनता से अपील*
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा, APK फाइल डाउनलोड और डिजिटल धोखाधड़ी के लालच में न आएं। पुलिस की यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
– रिपोर्ट: फियरलेस न्यूज़ अपडेट, जांजगीर
—