मौत के मुंह से 14 लोगों को निकाला, वर्दी ने निभाया फर्ज…

*जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त।* जिले के थाना अकलतरा पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से मंगलवार देर रात एक बड़ी आगजनी की घटना टल गई। गश्त के दौरान समय रहते आग का पता लगाकर पुलिस ने 5 परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अगस्त की रात्रि लगभग 2:30 बजे अकलतरा पुलिस का गश्त दल अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स पहुंचा। इस दौरान कपड़ा दुकान “नीरज कलेक्शंस” से आग की लपटें एवं धुआं निकलता दिखाई दिया। दुकान के प्रथम तल पर परिवारों के निवास करने की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों पर आग की तेज लपटें होने के कारण अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई और उसके माध्यम से प्रथम तल पर निवासरत 5 परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें 04 बच्चे, 04 महिलाएं एवं 06 पुरुष शामिल थे।

इसके बाद आग पर नियंत्रण पाने के लिए होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। लगभग ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आसपास की दुकानों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

अकलतरा पुलिस की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता से एक बड़ी जनहानि टल गई। रेस्क्यू किए गए परिवारों एवं क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्पर कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।

*सराहनीय भूमिका:* इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर एवं थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ के साथ होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *