“कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान”: जांजगीर-चांपा के ASI रामेश्वर यादव को मिला राज्यस्तरीय गुरु घासीदास पुरस्कार..

*जांजगीर-चांपा, 17 अगस्त 2026।* जिले के अजाक थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक *रामेश्वर प्रसाद यादव* को उत्कृष्ट विवेचना और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के लिए राज्य सरकार के प्रतिष्ठित *“गुरु घासीदास पुरस्कार”* से सम्मानित किया गया है।

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में *माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन* ने ASI रामेश्वर यादव को यह सम्मान प्रदान किया।

*एक साल में 100 से ज्यादा शिकायतों का निराकरण*
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ASI रामेश्वर प्रसाद यादव ने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पिछले एक वर्ष में *100 से अधिक शिकायतों का समयबद्ध निराकरण* किया। साथ ही *15 से अधिक प्रकरणों में अपराध पंजीबद्ध* कर प्रभावी विवेचना एवं आवश्यक कानूनी कार्यवाही की।

उनकी कार्यशैली में शिकायतों के त्वरित निराकरण, निष्पक्ष जांच और प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई। इसी उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा एवं विवेचना को देखते हुए उन्हें राज्यस्तरीय सम्मान के लिए चुना गया।

*जिले के लिए गौरव का क्षण*
अजाक थाना को मिले इस राज्यस्तरीय सम्मान से जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग का मान बढ़ा है। उनकी इस उपलब्धि पर वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं और भविष्य में भी इसी समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ASI रामेश्वर यादव की यह उपलब्धि जिले के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *