*जांजगीर-चांपा।* जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से _पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS_ के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं आने-जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत चांपा, अकलतरा, नैला एवं कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग पुलिस टीमों ने मोर्चा संभाला। पुलिस टीमों द्वारा यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनके सामान की गहन जांच की गई। स्टेशन परिसर, वेटिंग रूम तथा ट्रेनों के अंदर भी चेकिंग की गई।
विशेष रूप से बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों एवं अजनबी व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
चेकिंग के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार भी बरामद किए गए। बरामद हथियारों को पुलिस द्वारा सुरक्षित कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
*यात्रियों से पुलिस की अपील*
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे में सफर करते समय किसी भी प्रकार का हथियार अपने साथ लेकर यात्रा न करें। बिना वैध अनुमति हथियार रखना अथवा उसका परिवहन करना कानूनन अपराध है। यात्री अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें। किसी भी लावारिस बैग, संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देने पर उसे न छुएं और तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दें। आपकी सतर्कता आपकी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
जांजगीर-चांपा पुलिस आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करती है ताकि जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
_जांजगीर-चांपा पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी_
—