
रायपुर, 16 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ को आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक *रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट* का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कैंसर इकाई में लगी अत्याधुनिक मशीनों और उपचार सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डॉ. संदीप दवे के भाई स्व. प्रदीप दवे को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
*”36 साल की सेवा का संकल्प अब साकार हुआ”*
CM साय ने कहा, रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 सालों से प्रदेश की सेवा कर रहा है। डॉ. दवे के भाई की कैंसर से हुई मौत ने उन्हें इस बीमारी के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा दी। आज उसी दर्द और संकल्प का नतीजा यह कैंसर इंस्टीट्यूट है।
उन्होंने कहा, *”यह संस्थान हजारों-लाखों मरीजों के लिए संजीवनी बनेगा। अब कैंसर मरीजों को जांच से लेकर इलाज तक की सारी सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी।”*
सरकार का लक्ष्य साफ है – *”छत्तीसगढ़ के लोगों को इलाज के लिए अब प्रदेश से बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।”*
*डॉ. रमन सिंह: “समय पर जांच ही बचाव है”*
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कैंसर मरीज की नहीं, पूरे परिवार की पीड़ा है। उन्होंने नियमित स्क्रीनिंग पर जोर देते हुए कहा, *”शुरुआत में पकड़ में आ जाए तो कैंसर को हराया जा सकता है।”*
*स्वास्थ्य मंत्री: 25 साल में 1 से 15 मेडिकल कॉलेज*
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि राज्य बनते समय सिर्फ 1 मेडिकल कॉलेज था। आज 15 मेडिकल कॉलेज हैं। साथ ही बस्तर और बिलासपुर में 2 नए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू हो चुके हैं। अब बस्तर में ही हृदय की जटिल सर्जरी हो रही है, रायपुर रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ रही।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
—