*जांजगीर, 16 अगस्त 2026।* जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट इंजन ऑयल बेचने वाले गिरोह पर जांजगीर सिटी कोतवाली और चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने संयुक्त रेड में 3 दुकान संचालकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत का नकली तेल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय IPS को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले में कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट सामान बेचा जा रहा है। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में दोनों थानों की टीमों ने अभियान चलाया।
इसी क्रम में शुक्रवार को HPCL के नाम की पैकिंग में नकली तेल बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने जांजगीर और चांपा की संदिग्ध दुकानों में दबिश दी। जांच के दौरान तीन दुकानों से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम और पैकिंग वाले 44 बड़े बकेट और 12 छोटे केन कुल 56 नग डुप्लीकेट तेल जप्त किया गया।
*गिरफ्तार आरोपी:*
1. सुरेश कुमार अग्रवाल पिता स्व जोधराम अग्रवाल 52 साल निवासी बिजली ऑफिस रोड चांपा थाना चांपा
2. अमन शर्मा, पिता अशोक शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर
3. नीरज अग्रवाल, पिता स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चांपा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कंपनी के अधिकृत उत्पाद के नाम का दुरुपयोग कर ग्राहकों को नकली तेल बेच रहे थे। तीनों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जप्त सामग्री को जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी नकली या डुप्लीकेट सामान बेचे जाने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
*कार्रवाई में शामिल:* निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंद्रवंशी, उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमारी, मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक संतुका, विनोद राठौर।
—