संगठन ही शक्ति, जांजगीर-चांपा में BJP का महामंथन, रीति-नीति से बूथ तक कसी कमर…

शिवरीनारायण, 20 मई 2026: भारतीय जनता पार्टी जांजगीर-चांपा द्वारा दो दिवसीय पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 का मंगलवार को शिवरीनारायण के तेंदुआ धाम स्थित श्री राम मिलेंगे आश्रम में उत्साहपूर्वक समापन हुआ। इस महामंथन में कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सिद्धांत और संगठनात्मक संरचना की बारीकियों से अवगत कराकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जांजगीर-चांपा, अकलतरा और पामगढ़ विधानसभा के पदाधिकारियों के ऑनलाइन पंजीयन से हुआ। राकेश रूपवानी एवं उनकी टीम ने तीनों विधानसभाओं का अलग-अलग पंजीयन किया। इसके बाद संभाग संगठन प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, वर्ग प्रभारी रजनीश सिंह, जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, वर्ग नियंत्रक गुलाब सिंह चंदेल व प्रदीप शरफ ने ध्वजारोहण कर भारत माता की जय के जयकारों के साथ महाभियान का आगाज किया।

भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर वंदे मातरम और राज्य गीत के साथ कार्यशाला शुरू हुई। वंदे मातरम जिला महामंत्री नंदिनी रजवाड़े ने कराया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री नंद चौधरी ने किया।

संभाग संगठन प्रभारी जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाला सच्चा ध्वजवाहक है। वर्ग प्रभारी रजनीश सिंह ने सोशल मीडिया और मीडिया प्रबंधन की बारीकियां बताते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण समाज और राष्ट्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास, वैचारिक मजबूती और संगठन विस्तार में अहम भूमिका निभाते हैं।

जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की और श्री राम मिलेंगे आश्रम के अध्यक्ष अनिल हरिवंश के सहयोग के लिए आभार जताया। 19 व 20 मई को चले इस प्रशिक्षण में अलग-अलग वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं की कार्यशाला ली। कार्यक्रम का समापन 20 मई की शाम 7 बजे हुआ।

इस मौके पर पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, धनंजय सिंह, पंकज अग्रवाल, रजनी साहू, समीर शुक्ला, आशुतोष गोस्वामी, लक्ष्मी देवांगन, विकास शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, संतोषी दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *