जांजगीर-चांपा, 21 मई 2026: जिले की राजनीति और पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब भाजपा नेता अमर सुल्तानिया के खिलाफ दर्ज अपराध को पुलिस जांच में फर्जी पाया गया। जांच के बाद न सिर्फ केस खारिज किया गया, बल्कि नियम विरुद्ध FIR दर्ज करने वाले चौकी नैला के सउनि कृष्ण कुमार कोशले को एसपी विजय कुमार पांडेय ने तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।

*क्या है पूरा मामला*
18 मई 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम मुड़पार में अमर सुल्तानिया के निर्माणाधीन इथेनॉल प्लांट के लिए रामसागर बांधा तालाब से मिट्टी उत्खनन का काम चल रहा था। सुल्तानिया के पास पंचायत प्रस्ताव और सरपंच का अनापत्ति प्रमाण पत्र मौजूद था। आरोप है कि प्रहलाद गिर गोस्वामी और अन्य लोगों ने निजी स्वार्थ के चलते काम रुकवाया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों लोचन प्रसाद मिरी व लोकेश कुमार भैना से हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की। इस पर प्रहलाद गिर व अन्य पर अपराध दर्ज हुआ।
*खुद बचने को रची साजिश, कराया काउंटर केस*
अपने खिलाफ केस दर्ज होने की भनक लगते ही प्रहलाद गिर गोस्वामी 19 मई को चौकी नैला पहुंचा और अमर सुल्तानिया व उनके गार्ड पर मारपीट, गाली-गलौज का आरोप लगाकर काउंटर अपराध क्रमांक 372/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) BNS दर्ज करा दिया।
*एसपी के निर्देश पर हुई निष्पक्ष जांच, खुली पोल*
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय, एएसपी उमेश कश्यप व सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर बारीकी से जांच की गई। जांच में वायरल वीडियो फुटेज, घटनास्थल के गवाहों के बयान और दस्तावेज खंगाले गए। फुटेज में अमर सुल्तानिया या उनके किसी कर्मचारी द्वारा गाली-गलौज या मारपीट करना नहीं पाया गया।
साथ ही यह भी सामने आया कि 18 मई को ही प्रहलाद गिर ने चौकी में एक लिखित आवेदन दिया था, जिसमें सिर्फ मिट्टी उत्खनन रोकने और धमकी का जिक्र था। उसमें मारपीट या गाली-गलौज की कोई शिकायत नहीं थी। इससे साफ हुआ कि खुद पर दर्ज केस से बचने के लिए प्रहलाद गिर ने झूठी शिकायत कर काउंटर केस दर्ज कराया।
*एसपी की बड़ी कार्रवाई, SI लाइन अटैच*
जांच में यह भी उजागर हुआ कि सउनि कृष्ण कुमार कोशले ने 18 मई के आवेदन की जानकारी चौकी प्रभारी नैला को दिए बिना और 19 मई को प्रभारी को अवगत कराए बिना मनमाने ढंग से थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 372/2026 दर्ज कर दिया। इसे संदिग्ध और स्वेच्छाचारिता पूर्ण आचरण मानते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने 21 मई को आदेश जारी कर सउनि कोशले को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया।
*अब झूठी रिपोर्ट वालों पर होगी कार्रवाई*
पुलिस ने अमर सुल्तानिया और उनके गार्ड पर दर्ज अपराध को खारिज कर दिया है। एसपी ने साफ किया है कि तथ्य छुपाकर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले प्रहलाद गिर गोस्वामी व अन्य के विरुद्ध उन्हीं धाराओं में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिले में पहली बार किसी भाजपा नेता पर दर्ज केस के फर्जी निकलने और एक साथ पुलिसकर्मी पर गाज गिरने से राजनीतिक व प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज है।