जांजगीर-चांपा: मुलमुला थाने से अवैध शराब का आरोपी हिरासत से फरार, एसपी ने आरक्षक को किया निलंबित..

*जांजगीर-चांपा।* जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र से पुलिस की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। थाने की अभिरक्षा में रखे गए एक आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने सख्त कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मुलमुला पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में आरोपी फणेन्द्र सिंह (33 वर्ष) निवासी अमोरा को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। आरोपी को थाना परिसर में ही अभिरक्षा में रखा गया था और उसकी सुरक्षा ड्यूटी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया की लगाई गई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी दिनांक 22 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 3:00 बजे से 6:00 बजे के बीच अभिरक्षा से फरार हो गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया है।

वहीं फरार आरोपी फणेन्द्र सिंह के विरुद्ध थाना मुलमुला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *