जांजगीर-चांपा, 14 मई 2026:* शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भंवतरा में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के बेटे सोनसाय कश्यप और पोते गोलू कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने जमीन विवाद में हत्या की बात कबूल की है।
आज सुबह ग्राम भंवतरा में 70 वर्षीय मेदनीराम कश्यप, पत्नी कांति बाई, नातिन मोगरा और 17 वर्षीय नाती पीतांबर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही SP निवेदिता पाल और ASP उमेश कश्यप घटनास्थल पहुंचे। FSL टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई।
पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक के बेटे सोनसाय और पोते गोलू से पूछताछ की। कड़ाई से पूछने पर दोनों ने जमीन विवाद में हत्या करना स्वीकार कर लिया।
*आरोपी का पुराना रिकॉर्ड:*
आरोपी सोनसाय कश्यप वर्ष 2009 में अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। करीब 2 साल पहले ही वह जेल से रिहा होकर आया था। जेल से आने के बाद से ही उसका पिता मेदनीराम से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक की शिकायत पर पहले भी आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई थी।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और पूछताछ जारी है।