खाकी का सबसे खूबसूरत चेहरा: जब SP की गाड़ी बनी एंबुलेंस, घायल युवक को मिला नया जीवन..

जांजगीर-चांपा, 13 मई 2026।“पुलिस का काम सिर्फ चालान काटना और कानून चलाना नहीं, इंसानियत निभाना भी है” — इस बात को आज जांजगीर-चांपा की पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल ने अपनी तत्परता से साबित कर दिखाया। सड़क हादसे में तड़प रहे एक घायल युवक के लिए SP मैडम खुद फरिश्ता बनकर आईं और उसे अपनी शासकीय गाड़ी में अस्पताल पहुंचाकर नई जिंदगी दी।

आज दोपहर करीब 2:15 बजे शासकीय कन्या महाविद्यालय, जांजगीर के सामने मेन रोड पर एक बाइक सवार युवक दुर्घटना का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर गिरे युवक को देख लोग तमाशबीन बने रहे, लेकिन तभी उधर से जिले की पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल का काफिला गुजरा। घटना की गंभीरता को देखते ही SP मैडम ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया। वे खुद गाड़ी से उतरीं और घायल युवक की हालत देखी। एक पल भी गंवाए बिना उन्होंने अपने स्टाफ की मदद से घायल को उठाकर अपनी शासकीय गाड़ी में लिटाया और सीधे जिला अस्पताल जांजगीर के लिए रवाना हो गईं।

अस्पताल पहुंचकर SP निवेदिता पाल यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों को घायल युवक का तुरंत और समुचित इलाज शुरू करने के निर्देश दिए। जब तक डॉक्टरों ने इलाज शुरू नहीं किया, तब तक वे खुद इमरजेंसी वार्ड में मौजूद रहीं। उनकी इस तत्परता से घायल को समय पर इलाज मिला और उसकी जान बच गई। होश में आने के बाद घायल युवक ने बताया कि अगर SP मैडम समय पर नहीं पहुंचतीं तो शायद वह बच नहीं पाता। उसने हाथ जोड़कर पुलिस अधीक्षक का धन्यवाद किया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी SP मैडम के इस मानवीय कदम की दिल खोलकर तारीफ की।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खाकी वर्दी के पीछे एक संवेदनशील इंसान भी होता है। पुलिस अधीक्षक की इस पहल से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान और बढ़ा है। उन्होंने संदेश दिया कि जांजगीर-चांपा पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, हर मुसीबत में आम जनता के साथ खड़ी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *