पीएम आवास का नोटिस देने गए सचिव पर जानलेवा हमला, बलौदा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जांजगीर-चांपा:बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरमा में शासकीय कार्य के दौरान पंचायत सचिव के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय कुमार खूटे 36 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार रुपये की प्रथम किस्त प्राप्त हुई थी, लेकिन उसने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। इस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा नोटिस जारी किया गया था। दिनांक 07 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पंचायत सचिव अपने सहयोगियों के साथ नोटिस तामील कराने आरोपी के घर पहुंचे। इस दौरान अजय कुमार ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सचिव वापस लौटने लगे, तब आरोपी ने घर से बाहर आकर उन्हें रोक लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे सचिव को चोटें आईं। घटना की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 221, 121(1), 132 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे तथा महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और लोक सेवक पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *