जांजगीर-चांपा: थाना सायबर जांजगीर की टीम ने रेकी कर सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी चोरी की घटना को अंजाम देकर छत्तीसगढ़ के नांदघाट और मध्यप्रदेश के बालाघाट में छुपे हुए थे। पकड़े गए आरोपियों ने नैला और जांजगीर के विष्णु बिहार कॉलोनी के अलावा जिला मुंगेली के लोरमी क्षेत्र में भी चोरी की वारदात कबूल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई 2 लाख रुपये की वर्ना कार, 21 हजार के 3 मोबाइल, 5 हजार नगद, सोने की बाली और चांदी की चूड़ी समेत कुल 2 लाख 30 हजार रुपये का माल बरामद हुआ है। मामले का खुलासा दिनांक 10 अप्रैल 2026 की रात नैला के अनंत बिहार में सैयद अली के घर हुई चोरी के बाद हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी नैला में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 269/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में सायबर टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। सायबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक सफेद रंग की वर्ना कार क्रमांक सीजी-04-एचके-6504 संदिग्ध हालत में गुजरती दिखी। तकनीकी जांच में पता चला कि कार बालाघाट के उकवा निवासी प्रकाश जावरे ने एग्रीमेंट पर खरीदी थी। पतासाजी में सामने आया कि उसका साथी राजेश पटेल बिलासपुर कोनी का रहने वाला है और नांदघाट में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गया है। सायबर टीम ने नांदघाट पहुंचकर राजेश पटेल को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने भाई पप्पू पटेल और प्रकाश जावरे के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। इसके बाद टीम ने बालाघाट के ग्राम उकवा में घेराबंदी कर पप्पू पटेल और प्रकाश जावरे को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की शाम को उन्होंने प्रार्थी के घर की रेकी की थी। रात में पप्पू पटेल कार में बैठा रहा, जबकि प्रकाश जावरे और राजेश पटेल पास के निर्माणाधीन मकान से बल्ली और सरिया लेकर आए। प्रकाश बल्ली से खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसा और राजेश बाहर निगरानी करता रहा। प्रकाश ने कमरे का दरवाजा और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी किए और फरार हो गए। चोरी का माल उकवा के एक सोनार को बेचना बताया, जो अभी फरार है। आरोपियों ने 2 जनवरी 2026 को चौकी नैला क्षेत्र के विष्णु बिहार कॉलोनी में 80 हजार की चोरी और 18 मार्च 2026 को लोरमी के कुदरापारा में 80 हजार की चोरी करना भी कबूल किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश जावरे 24 वर्ष निवासी उकवा बालाघाट म.प्र., पप्पू पटेल 22 वर्ष और राजेश पटेल 19 वर्ष निवासी बड़ी कोनी बिलासपुर शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। प्रकरण के फरार आरोपी सोनार की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान चौकी प्रभारी नैला एवं चौकी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।