जांजगीर-चांपा, 24 अगस्त 2026। जिले में रविवार को प्रशासन दो मोर्चों पर एक्शन में रहा। एक तरफ शिवरीनारायण में 100 क्विंटल चावल के घोटाले पर बड़ी कार्रवाई हुई तो दूसरी तरफ धान की फसल को कीटों से बचाने के लिए कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की।
*100 क्विंटल चावल गायब, कोटिया का कोटा सील*
पहला मामला शिवरीनारायण तहसील के ग्राम पंचायत कोटिया का है। यहां संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 542001094 में खाद्य निरीक्षक ने औचक निरीक्षण किया। भौतिक सत्यापन में बड़ा झोल मिला।
मौके पर गोदाम में *चावल 5.50 क्विंटल, शक्कर 4.20 क्विंटल और नमक 4 क्विंटल* मिला, जबकि ऑनलाइन ई-पॉस मशीन में स्टॉक *चावल 105.92 क्विंटल, शक्कर 1.19 क्विंटल और नमक 2.10 क्विंटल* दिख रहा था।
यानि कागजों में 105 क्विंटल चावल था, लेकिन गोदाम में सिर्फ साढ़े 5 क्विंटल। *100.42 क्विंटल चावल कम* पाया गया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए एसडीएम शिवरीनारायण ने खाद्य निरीक्षक के प्रतिवेदन पर दुकान का प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसडीएम ने बताया कि हितग्राहियों को परेशानी न हो, इसके लिए कोटिया की दुकान को *दुलारा महिला स्व-सहायता समूह अवरीद (ID 542001009)* से अटैच कर दिया गया है। अब वहीं से ग्रामीणों को राशन मिलेगा। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ PDS नियंत्रण आदेश 2016 के तहत की गई है।
*धान में तना छेदक और सांवा कीट का अटैक*
वहीं दूसरी तरफ जिले में धान की फसल में तना छेदक और पत्ती मोड़क (जिसे गांव में सांवा कीट कहते हैं) का प्रकोप बढ़ गया है।
कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि ज्यादा यूरिया और खेत में ज्यादा पानी भरने से ये कीट पनप रहे हैं। तना छेदक में पत्ती पीली पड़ जाती है, तने में छेद हो जाता है और बाली सफेद होकर सूख जाती है। जबकि सांवा कीट में इल्ली पत्ती को मोड़कर हरा भाग खा जाती है।
*विभाग ने दवा बताई:* तना छेदक के लिए क्लोरोसाइपर 50 मिली प्रति पंप और पत्ती मोड़क के लिए क्लोरेंट्रानिलिप्रोल 18.5% – 6 से 10 मिली या एमामेक्टिन बेंजोएट 5% – 8 से 10 ग्राम प्रति पंप छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने साफ किया है – चाहे राशन में गड़बड़ी हो या खेती में लापरवाही, दोनों पर नजर रखी जा रही है।