घर में काम करने वाली नौकरानी निकली मास्टरमाइंड, चेक चोरी कर 85 हजार की ठगी का प्रयास..

जांजगीर-चांपा। शहर में भरोसे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही अपने मालिक के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है – आरोपिया गिरजा निवासी पेण्ड्री, जांजगीर विगत 1 वर्ष से जांजगीर के एक घर में नौकरानी का काम करती थी। काम के दौरान उसने घर की अलमारी से पीड़िता का भारतीय स्टेट बैंक का चेक चोरी कर उस पर खाताधारक के फर्जी हस्ताक्षर कर ₹85,000 की राशि भरकर बैंक में भुगतान हेतु प्रस्तुत किया।

बैंक में चेक प्रस्तुत किए जाने पर बैंक कर्मचारियों को संदेह हुआ। बैंक द्वारा खाताधारक से पूछताछ करने पर खाताधारक ने उक्त चेक अपने द्वारा जारी नहीं करने की जानकारी दी। बैंक की सतर्कता के चलते आरोपी द्वारा राशि आहरित करने का प्रयास विफल हो गया।

घटना की सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 24.08.26 को आरोपी नौकरानी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस द्वारा चेक, बैंक दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

*पुलिस की अपील:* आमजन अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज, चेकबुक एवं बैंक संबंधी कागजात सुरक्षित स्थान पर रखें तथा किसी भी प्रकार के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी तत्काल संबंधित बैंक एवं पुलिस को दें।

*उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पांडेय, प्रधान आरक्षक जमुना तिवारी का विशेष योगदान रहा।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *