जांजगीर-चांपा। झूठी शिकायत पर कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
23 अप्रैल की दोपहर करीब 2:30 बजे मड़वा निवासी टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू उम्र 23 वर्ष पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उसने जबरन एसपी के कक्ष में घुसने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने रोका तो वह धक्का-मुक्की कर विवाद करने लगा।
संदिग्ध हरकत देख तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से कीटनाशक दवा का खुला पैकेट बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जहर खाकर ही कार्यालय आया है।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी एसपी श्रीमती निवेदिता पॉल, एएसपी उमेश कश्यप व सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने तत्काल संज्ञान लिया। आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन झूठी शिकायत करने वाला है। पूर्व में भी एक झूठी शिकायत के मामले में वह जहर सेवन कर चुका है। आरोपी द्वारा बार-बार की गई शिकायतें जांच में अप्रमाणित पाई गई हैं।
आरोपी टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू पिता चौदस राम साहू के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 304/26 धारा 221, 232, 226 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह व तोरन डहरिया का सराहनीय योगदान रहा।
—