जांजगीर-चांपा
खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कमी न हो, इसके लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त यूरिया को शासकीय दर पर किसानों को वितरित किया।
जानकारी के मुताबिक, 2 जून 2026 को उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने मेसर्स नानकचंद नंद किशोर जांजगीर के उर्वरक विक्रय परिसर में स्वयं किसान बनकर जांच की। वहां यूरिया शासकीय निर्धारित दर ₹266.50 की जगह ₹850 प्रति बोरी में बेचा जा रहा था। अधिक मूल्य पर बिक्री पाए जाने पर भंडार गृह में रखे यूरिया को जब्त कर लिया गया था।
जब्त यूरिया को आज 9 जून 2026 को उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत किसानों को शासकीय दर ₹266.50 पर बांटा गया। वितरण में लघु, सीमांत और मध्यम किसानों को प्राथमिकता दी गई और उनके खेती के रकबे के आधार पर यूरिया दिया गया। उप संचालक श्री शर्मा ने वितरण प्रक्रिया की स्वयं निगरानी की।
श्री राकेश शर्मा ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को शासकीय दर पर खाद की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित कराने और अधिक मूल्य पर बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।