कारगिल के वीरों को समर्पित “व्हील्स ऑफ वैलर” मोटरसाइकिल अभियान का सफल समापन, अटल टनल में बनाया विश्व रिकॉर्ड..

नई दिल्ली। भारतीय सेना के कोर ऑफ सिग्नल्स ने अपनी ऐतिहासिक “व्हील्स ऑफ वैलर : संचार शक्ति” मोटरसाइकिल अभियान 2026 का सफलतापूर्वक समापन कर लिया है। यह राष्ट्रीय अभियान कोर ऑफ सिग्नल्स की सैन्य संचार परंपरा और गौरवशाली विरासत का उत्सव मनाने के साथ-साथ कारगिल युद्ध के अमर वीरों के सर्वोच्च बलिदान को समर्पित था। अभियान को लेफ्टिनेंट जनरल विवेक डोगरा, एसएम, सिग्नल्स ऑफिसर-इन-चीफ एवं कर्नल कमांडेंट, कोर ऑफ सिग्नल्स ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

इस ऐतिहासिक यात्रा में कोर ऑफ सिग्नल्स के प्रतिष्ठित डेयर डेविल्स और सिग्नलर्स ने देश के अत्यंत चुनौतीपूर्ण भूभागों पर साहस, धैर्य, अनुशासन और सैन्य पेशेवर उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया। अभियान का सबसे ऐतिहासिक क्षण अटल टनल, रोहतांग में आया जहां कोर ऑफ सिग्नल्स के डेयर डेविल्स ने विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। मात्र 2 मोटरसाइकिलों पर 10 सवारों ने 9.8 किलोमीटर लंबी सुरंग को 9 मिनट 47.97 सेकंड में, 10,075 फीट की ऊंचाई पर पार कर इतिहास रच दिया। कारगिल विजय दिवस को समर्पित यह उपलब्धि भारतीय सेना की अद्वितीय दक्षता और अटूट संकल्प का प्रतीक बन गई।

इसके उपरांत अभियान दल ने हिमालय की दुर्गम पर्वतमालाओं की ओर बढ़ते हुए 16,580 फीट ऊंचे चुनौतीपूर्ण शिंकुन ला दर्रे को सफलतापूर्वक पार किया और अंततः द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पहुंचा। भारत की महानतम सैन्य विजय के साक्षी इस पवित्र स्थल पर दल ने ऑपरेशन विजय के अमर वीरों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और भारतीय सेना की कर्तव्य, सम्मान एवं निःस्वार्थ सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। पूरी यात्रा के दौरान दल ने हुसैनीवाला राष्ट्रीय शहीद स्मारक और पालमपुर युद्ध स्मारक पर भी राष्ट्र के अमर शहीदों को नमन किया। साथ ही एनसी कैडेटों, विद्यार्थियों, पूर्व सैनिकों और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कर उनमें देशभक्ति, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना का संचार किया।

अभियान के दौरान दल ने कोर ऑफ सिग्नल्स के विभिन्न महत्वपूर्ण संचार प्रतिष्ठानों का भी दौरा किया जहां भारतीय सेना को प्रत्येक युद्धक्षेत्र और दुर्गम भूभाग में “स्विफ्ट, सिक्योर एंड कनेक्टेड” बनाए रखने वाली अत्याधुनिक तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया गया। “व्हील्स ऑफ वैलर : संचार शक्ति” केवल एक मोटरसाइकिल अभियान नहीं बल्कि साहस, बलिदान और सैन्य उत्कृष्टता को समर्पित एक राष्ट्रीय श्रद्धांजलि बन गया। विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने से लेकर हिमालय की ऊंचाइयों को पार करने और कारगिल की पावन भूमि पर वीरों को नमन करने तक इस अभियान ने कोर ऑफ सिग्नल्स की गौरवशाली विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। अभियान के समापन पर यह संदेश भी दिया गया कि भारत के वीर योद्धाओं की अमर विरासत आने वाली पीढ़ियों को सदैव साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *