रायपुर 14 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने जिला चिकित्सालय जांजगीर में हुए बड़े वित्तीय अनियमितता का मामला ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए उठाया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए आरोप लगाया कि मितानिनों और स्वीपरों को दी जाने वाली 8 लाख 80 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि में गंभीर अनियमितता की गई है।
विधायक कश्यप ने बताया कि जनवरी 2023 से 2026 तक प्रेरक और स्वीपरों को भुगतान की जाने वाली यह राशि योजनाबद्ध तरीके से अस्पताल में पदस्थ दो कर्मचारियों के व्यक्तिगत खाते में अंतरित कर दी गई। ई-कोष ऑनलाइन के माध्यम से तैयार बिल में अस्पताल के सिविल सर्जन और अस्पताल प्रबंधक के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विगत वर्ष जीवनदीप समिति मद की राशि में भी अनियमितता हुई थी और सिविल सर्जन कार्यालय में हुई आगजनी पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विधायक ने कहा कि जिला चिकित्सालय जांजगीर भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है जिससे स्थानीय लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति रोष है।
ध्यानाकर्षण पर जवाब देते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सफाई दी कि मार्च 2026 में ऑनलाइन एस.एन.ए. स्पर्श में वेंडर वैलिडेशन की समस्या के कारण और 28 मार्च को राशि आहरण की अंतिम तिथि होने की वजह से यह राशि दो कर्मचारियों के खाते में डाली गई थी। वर्तमान में यह पूरी राशि जिला चिकित्सालय जांजगीर के जीवनदीप समिति के खाते में जमा है और मितानिनों की सूची तैयार कर राशि वितरित की जाएगी। उन्होंने सिविल सर्जन कार्यालय में आगजनी की घटना पर कहा कि इसमें कोई दस्तावेज नहीं जले और अस्पताल को कोई प्रत्यक्ष हानि नहीं हुई है। मंत्री ने जिला चिकित्सालय को भ्रष्टाचार का गढ़ कहे जाने को सिरे से खारिज कर दिया।
विधायक ब्यास कश्यप ने पूरक प्रश्न में पूछा कि तकनीकी समस्या होने पर राशि को व्यक्तिगत खाते में क्यों डाला गया, उसे विभागीय करंट खाते में क्यों नहीं रखा गया। उन्होंने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस पर मंत्री ने सदन को बताया कि प्रदेश स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों की 5 सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधायक कश्यप और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मांग की कि जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मचारियों को जिला चिकित्सालय जांजगीर से हटाकर अन्यत्र पदस्थ किया जाए ताकि जांच प्रभावित न हो।