जांजगीर चाम्पा, 27 जून 2026
बेनटेक्स के नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर पामगढ़ के ज्वेलरी दुकानदार से 40 हजार रुपये ठगने वाले दो शातिरों को पुलिस ने चंद घंटों की मशक्कत के बाद बलौदा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से ठगी की पूरी रकम 40 हजार रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद बलेनो कार CG 04 QY 6279 बरामद की गई है। दोनों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत जेल भेज दिया गया है।
घटना 26 जून की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। पामगढ़ स्थित ‘केसर लाल एंड संस’ ज्वेलरी दुकान के संचालक हिमांशु सोनी के पास सफेद बलेनो कार से दो व्यक्ति पहुंचे। उन्होंने 50 हजार रुपये की तत्काल जरूरत बताकर सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की पेशकश की। बातचीत के दौरान जब हिमांशु ने रसीद मांगी तो एक आरोपी ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए नकली बिल थमा दिया। असली सोना समझकर हिमांशु ने मंगलसूत्र के बदले 40 हजार रुपये दे दिए। रकम लेकर दोनों कार से तुरंत फरार हो गए।
आरोपियों के जाने के बाद जब हिमांशु ने मंगलसूत्र की जांच की तो पता चला कि वह सोने का नहीं, बल्कि बेनटेक्स का है। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने बिना देर किए थाना पामगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और SDOP अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। दबिश देकर पुलिस ने बलौदा बाजार से अमन सोनी (22), निवासी वार्ड क्र. 09 और अमित सोनी (42), निवासी वैष्णव कॉलोनी, बलौदा बाजार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात कबूल कर ली। 27 जून को दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक सुरेश जाट, सउनि प्रमोद महार, आरक्षक श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, सैनिक अनिल दिनकर और थाना पामगढ़ स्टाफ की अहम भूमिका रही।
—