हर सेकंड की कीमत समझी CSP ने: 6 बजे हादसा, 6:15 पर अस्पताल, उदयबंद में 3 जिंदगियां बचाईं योगिताबाली खापर्डे ने..

जांजगीर, 27 जून 2026
CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने शुक्रवार शाम मानवीय संवेदनशीलता की बड़ी मिसाल पेश की। NH मेन रोड पर ग्राम उदयबंद स्थित नव दुर्गा राइस मिल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को उन्होंने स्वयं शासकीय वाहन चलाकर जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया। CSP की तत्परता से तीनों को समय पर इलाज मिल सका।

शाम करीब 6 बजे पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर से सूचना मिली कि थाना जांजगीर क्षेत्र के उदयबंद में NH पर एक्सीडेंट हुआ है। उस समय CSP खापर्डे थाना सारागांव पुलिस टीम के साथ सारागांव क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थीं। सूचना मिलते ही उन्होंने चेकिंग अभियान रोककर टीम के साथ तत्काल घटनास्थल का रुख किया।

मौके पर तीन व्यक्ति सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े मिले। तीनों की हालत बेहद नाजुक थी और एक-एक सेकंड कीमती था। हालात की गंभीरता समझते हुए CSP खापर्डे ने बिना देरी किए घायलों को अपने शासकीय वाहन में लिटाया और  जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचीं। करीब 6:15 बजे तक तीनों घायल अस्पताल में भर्ती हो चुके थे, जहां उनका इलाज जारी है।

CSP की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। अक्सर देखा जाता है कि हादसे के बाद घायलों को समय पर अस्पताल न पहुंचने से जान चली जाती है, लेकिन यहां CSP ने ड्यूटी के साथ इंसानियत को प्राथमिकता देकर तीन जिंदगियां बचा लीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *