जांजगीर चांपा, 24 अप्रैल 2026।* जांजगीर-चांपा जिले के चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्लांट में गुरुवार को तकनीकी कारणों से फर्नेस से तरल धातु के रिसाव की घटना सामने आई। हालांकि कंपनी प्रबंधन की तत्परता और मेल्टर की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है।
*12:35 बजे हुई ढलाई, 02:40 बजे हुआ रिसाव*
कंपनी द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, चांपा को दी गई जानकारी के अनुसार, आज 24 अप्रैल 2026 को आई.एफ.डी. के शेड क्रमांक 5.8 टन में फर्नेस नंबर E/1 में दोपहर 12:35 बजे तरल धातु की ढलाई की गई थी। इसके बाद मेल्टर द्वारा फर्नेस का पूरा अवलोकन करने के बाद 12:40 बजे के आसपास चार्जिंग की गई।
दोपहर लगभग 02:40 बजे पुनः अवलोकन करने पर पाया गया कि भट्ठी के बॉटम साइड में तरल धातु अत्यधिक गर्म हो रहा है। मेल्टर द्वारा उसी समय फर्नेस से तरल धातु को पलटने का प्रयास किया गया। इसी दौरान 02:40 बजे के आसपास अचानक गरम तरल धातु भट्ठी के बॉटम के नीचे हिस्से से रिसाव हो गया।
*प्रबंधन ने दिखाई तत्परता, एसडीएम को दी सूचना*
कंपनी प्रबंधन ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया। कारखाना प्रबंधक द्वारा घटना की पूरी जानकारी पत्र के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, चांपा और तहसीलदार को दी गई है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि उक्त घटना से किसी भी प्रकार की जनहानि एवं क्षति नहीं हुई है।
प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक ISO 9001, 14001 और 45001 प्रमाणित कंपनी है। कंपनी सुरक्षा मानकों को लेकर हमेशा सजग रहती है।