जांजगीर-चांपा: कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, खाद की कालाबाजारी पर रोक, 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त…

जांजगीर-चांपा, 30 मई 2026 : कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में उर्वरक निरीक्षकों के दल ने निजी कृषि केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान जिले में कुल 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त की गई।

उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने बताया कि जिले के थोक विक्रेता मेसर्स दिशा सेल्स, चांपा में रासायनिक उर्वरकों के भण्डारण एवं वितरण में अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की गई। इसमें एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल) 1150 बोरी, एसएसपी (दानेदार) 428 बोरी, एसएसपी (पावडर) 630 बोरी एवं जिंकेटेड एसएसपी 98 बोरी उर्वरक पर विक्रय प्रतिबंध लगाकर जब्ती की कार्रवाई की गई।

त्पश्चात ग्राम पिसौद, विकासखण्ड बलौदा में राजकुमार साहू कृषि केन्द्र में छापेमारी के दौरान यूरिया 98 बोरी, जिंकेटेड एसएसपी 94 बोरी, ट्रिपल सुपर फास्फेट 70 बोरी एवं एनपीके 16:20:00:13 (एचयूआरएल) 70 बोरी उर्वरकों का अवैध भण्डारण पाए जाने पर खाद जब्त कर विक्रय प्रतिष्ठान को सीलबंद किया गया।

उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी एवं उर्वरकों के वितरण में अनियमितता रोकने के लिए कृषि विभाग सतत रूप से जिले के सभी सहकारी एवं निजी उर्वरक विक्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर कार्रवाई कर रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *