ढोंगी बाबा का पर्दाफाश: दर्द ठीक करने के नाम पर महिला से अनाचार, अश्लील फोटो वायरल कर करता था ब्लैकमेल…

जांजगीर-चांपा, 22 अप्रैल 2026। चमत्कार के नाम पर महिलाओं को झांसे में फंसाकर अनाचार करने वाले ढोंगी बाबा को पामगढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (60 वर्ष), मूल निवासी नाशिक (महाराष्ट्र), ने एक महिला को शरीर का दर्द ठीक करने का झांसा देकर मैहर ले जाकर बार-बार अनाचार किया और फिर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से अश्लील फोटो वायरल कर ब्लैकमेल किया।

*चैत्र नवरात्रि में पदयात्रा के बहाने फैलाया जाल*

पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी पामगढ़ क्षेत्र के एक गांव में पदयात्रा करते हुए आया था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था। पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई, जहां आरोपी ने हाथ देखकर इलाज का भरोसा दिया और मोबाइल नंबर ले लिया।

*प्रसाद के बहाने बहलाकर मैहर ले गया, होटल में किया अनाचार*

26 मार्च को आरोपी ने पामगढ़ क्षेत्र के बाजार में बुलाकर पीड़िता को प्रसाद दिया और अपने साथ चलने के लिए बहलाया। झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची, जहां होटल में ठहराया गया। वहां आरोपी ने इलाज के नाम पर बार-बार जबरदस्ती अनाचार किए। 1 अप्रैल 2026 को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।

*नंबर ब्लॉक किया तो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर की बदनामी*

घर लौटने के बाद भी आरोपी लगातार फोन कर परेशान करने लगा। नंबर ब्लॉक करने पर उसने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल कर दिया और ब्लैकमेल करने लगा।

*हिमाचल के धर्मशाला में दबिश, गिरफ्तार कर भेजा जेल*

महिला पर घटित अपराध की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में SDOP अकलतरा श्री प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 21 अप्रैल 2026 को धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी के विरुद्ध BNS की धारा 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्यवाही कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

*टीम का सराहनीय योगदान*

उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक सावन सारथी थाना प्रभारी पामगढ, प्रआर रामलाल मार्कडेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले, नवनी रात्रे थाना पामगढ का सराहनीय योगदान रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *