सेंट्रल जेल बना जंग का मैदान: साइको किलर ने रेप आरोपी को उतारा मौत के घाट..

बिलासपुर, 23 जून 2026
बिलासपुर सेंट्रल जेल की हाई सिक्योरिटी के दावे मंगलवार सुबह उस वक्त तार-तार हो गए जब एक कैदी ने दूसरे कैदी की नाली के स्लैब से कुचलकर हत्या कर दी। वारदात जेल के ई-1 वार्ड में हुई, जो मानसिक रूप से बीमार बंदियों के लिए आरक्षित है।

*क्या है पूरा मामला*
मृतक की पहचान नीलू जगत (27), निवासी दवनपुर, कोटा के रूप में हुई है। वह नाबालिग से रेप के आरोप में साल 2024 से जेल में बंद था। मंगलवार सुबह करीब 9:25 बजे मानसिक रोगी बैरक में बंद सजायाफ्ता कैदी राजेश राय (40), निवासी चमारी, जिला मुंगेली ने नाली के स्लैब से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ 4-5 वार किए।

आसपास मौजूद कैदियों ने बीच-बचाव कर नीलू को छुड़ाया। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर 12:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

*17 साल से जेल में बंद है हत्यारा*
आरोपी राजेश राय तिहरे हत्याकांड के मामले में करीब 17 साल से उम्रकैद की सजा काट रहा है। उसने माफी के लिए अर्जी लगाई थी, लेकिन अर्जी खारिज हो गई थी। जबकि इसी मामले में उसके भाई सुरेश राय को माफ करते हुए 2025 में रिहा कर दिया गया था। इसी बात से राजेश मानसिक तनाव में था। पुलिस को शक है कि इसी तनाव में उसने वारदात को अंजाम दिया।

*मानसिक रोगी बैरक में दोनों थे बंद*
जेल प्रशासन के अनुसार घटना ई-1 वार्ड में हुई। यह वार्ड मानसिक रूप से बीमार बंदियों के लिए है। आरोपी राजेश राय भी मानसिक बीमारी से ग्रस्त है। दोनों कैदी इसी बैरक में रखे गए थे।

*जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल*
सेंट्रल जेल जैसी हाई सिक्योरिटी जेल के अंदर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहे हैं कि मानसिक रोगी बैरक में नाली का भारी स्लैब कैसे पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात गार्ड कहां थे।

घटना की सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक खोमेन्द्र मंडावी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेल अधीक्षक ने कहा, “इस मामले की जांच कराई जा रही है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के सही कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *