*जांजगीर-चांपा, 9 मई 2026 | Fearless News Update*
जांजगीर-चांपा जिले की बिर्रा पुलिस ने 2 लाख 21 हजार रुपये की चोरी के झूठे मामले का चंद घंटों में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। आवेदक ने देनदारों से बचने के लिए खुद ही चोरी की झूठी कहानी रच डाली थी।

बनडभरा गांव निवासी नरेश भारद्वाज ने 9 मई को थाना बिर्रा में लिखित आवेदन दिया कि 8 मई को उसने अपनी जमीन मां लीला बाई कश्यप को बेची थी। बिक्री से मिले *2,21,000 रुपये* उसने घर की अलमारी में रखे थे। रात में आंगन में सोने के दौरान अज्ञात चोर अलमारी उठाकर ले गए और पैसे चोरी कर लिए। आवेदन देकर नरेश तुरंत घर लौट गया और पुलिस के बुलाने पर थाने आने से बचने लगा।
थाना प्रभारी जय कुमार साहू को मामला संदिग्ध लगा। उन्होंने तत्काल *SP श्रीमती निवेदिता पाल* को अवगत कराया। SP के निर्देशन, ASP उमेश कश्यप के मार्गदर्शन और DSP सतरूपा तारम के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
कड़ाई और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में नरेश टूट गया। उसने कबूल किया कि *गांव के लोगों का उधार चुकाना न पड़े, इसलिए उसने खुद ही अलमारी घर से दूर ले जाकर तोड़ दी और 2.21 लाख रुपये छत में छुपा दिए थे।*
नरेश की निशानदेही पर पुलिस ने छत से पूरे 2,21,000 रुपये नगद बरामद किए। रकम को परिजनों और गवाहों के सामने सुपुर्दनामा में नरेश को ही वापस सौंप दिया गया।
इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी जय कुमार साहू, सउनि टी.आर. जांगड़े, सउनि नरेंद्र शुक्ला, आरक्षक रघुवीर यादव, जनक कश्यप, दीपक तिवारी और महिला आरक्षक रितु लहरे का विशेष योगदान रहा। SP निवेदिता पाल ने टीम की तत्परता की सराहना की है।