जांजगीर-चांपा, 17 अगस्त 2026।शादी के नाम पर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले 2 साइबर ठगों को जांजगीर-चांपा सायबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लड़की की आवाज निकालकर रिश्ता कराने का झांसा देते थे और रकम मिलते ही संपर्क तोड़ देते थे।
सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक *भास्कर शर्मा* ने बताया कि शिकायतकर्ता *अजय राठौर* ने 15.08.2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 8 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे हॉस्पिटल जाने के लिए 2000 रुपये फोन-पे से मांगे। अजय ने नगदी दे दी। 3-4 दिन बाद उनके खाते में होल्ड लग गया। बैंक से पता चला कि यह रकम सायबर ठगी की है और *सोनू साहू* की UPI ID से ट्रांसफर हुई थी।
*तकनीकी जांच में खुला पूरा नेटवर्क*
सायबर पोर्टल से मिले मोबाइल नंबर और बैंकिंग डिटेल की जांच पर पुलिस को पता चला कि इस ठगी के पीछे *लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू* और *सोनू साहू* हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों ने 2025 से ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से *02 मोबाइल फोन, हेडफोन, ब्लूटूथ डिवाइस, व्हाट्सऐप चैटिंग और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के पंपलेट* जब्त किए हैं। हेडफोन से आरोपी लड़की की आवाज निकालते थे।
*कई जिलों के लोग बने शिकार*
आरोपियों ने बताया कि वे शादी/रिश्ता कराने के नाम पर अलग-अलग लोगों से रकम लेते थे। रकम आते ही नंबर बंद कर देते थे।
जांच में पता चला कि आरोपी *लक्ष्मीनारायण साहू निवासी ग्राम अमोदा* के खाते में *कौशल साहू* और *दीपक कुमार साहू* से ठगी की रकम क्रेडिट हुई थी। वहीं *रमेश साहू निवासी कवर्धा* से UPI से ली गई रकम आरोपी के भांजे *सोनू साहू निवासी बेलदारपारा चांपा* के खाते में गई और बाद में वही रकम शिकायतकर्ता अजय राठौर के खाते में ट्रांसफर की गई।
सायबर क्राइम पोर्टल पर आरोपियों के खिलाफ *कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद* जिलों से भी शिकायतें दर्ज हैं। आरोपियों के खातों में लाखों रुपये की ठगी की रकम होने की जानकारी मिली है। मोबाइल चैटिंग से कई और लोगों से ठगी का भी खुलासा हुआ है।
सायबर थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 318(4), 61(2), 317(4), 317(5), 323, 336(4) बीएनएस एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
*गिरफ्तार आरोपी*
1. *लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू* – उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम अमोदा, वार्ड नं. 01, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा। हाल पता: शारदा चौक, रामगोपाल चौरसिया का मकान, जिला जांजगीर-चांपा
2. *सोनू साहू* – पिता जयराम साहू, उम्र 20 साल, निवासी बेलदारपारा, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा
इस कार्रवाई में सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक *भास्कर शर्मा*, सउनि *विवेक सिंह* एवं आरक्षक *गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, माखन साहू, शाहबाज खान* का सराहनीय योगदान रहा।
—