जांजगीर-चाम्पा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 48 घंटे में 3 मंदिरों की चोरी का खुलासा, 16 लाख 60 हजार का माल बरामद, 3 आरोपी + 1 नाबालिग गिरफ्तार..

जांजगीर-चाम्पा।* जिले में बीते दिनों मंदिरों में हुई लगातार चोरी की घटनाओं से मची सनसनी के बीच जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने शानदार सफलता हासिल की है। सायबर सेल, थाना नवागढ़ और थाना बम्हनीडीह की संयुक्त टीम ने महज 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए शत-प्रतिशत चोरी गया माल बरामद कर लिया है। मामले में 3 मुख्य आरोपियों के साथ 1 विधि से संघर्षरत बालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से जिले भर के श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।

*एक ही रात में 3 मंदिरों को बनाया था निशाना*
घटना 01-02 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात की है। अज्ञात चोरों ने जिले के तीन प्रतिष्ठित मंदिरों में धावा बोला था। पहली वारदात थाना बम्हनीडीह क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्हनीडीह के प्रसिद्ध रामजानकी मंदिर में हुई, जहां से चोर 2 नग चांदी का छत्र चुरा ले गए। इसके बाद चोरों ने थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर को अपना निशाना बनाया। यहां से अज्ञात चोरों ने माता की मूर्तियों पर विराजमान 9 माताओं के सिर के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इसी रात तीसरी घटना नवागढ़ क्षेत्र के ही ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में हुई, जहां से चोर 1 चांदी का छत्र चोरी कर ले गए। तीनों घटनाओं में कुल मिलाकर 16 लाख 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी हुई थी। घटना को लेकर थाना नवागढ़ में 2 और थाना बम्हनीडीह में 1 अपराध अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था।

*CCTV और सायबर तकनीक बनी चोरों के लिए काल*
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले के त्वरित खुलासे के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद सायबर थाना, नवागढ़ और बम्हनीडीह पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के आने-जाने के संभावित मार्गों पर लगे लगभग 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद बम्हनीडीह से नवागढ़ क्षेत्र तक घटना के समय एक संदिग्ध मोटर साइकिल पर सवार 4 लोगों की गतिविधियां कैमरे में कैद मिलीं। सायबर तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली।

*कर्ज में डूबे होने के कारण दी चोरी को अंजाम*
पुलिस ने पहचान के बाद घुटिया गांव में दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। एसडीओपी धान्या श्री लोकेश बंसल और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में जब सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी टूट गए और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे। इसी से उबरने के लिए उन्होंने घटना के एक दिन पहले ही तीनों मंदिरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी का सारा माल उन्होंने मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे एक गड्ढे में छुपा कर रखा था।

*शत-प्रतिशत माल बरामद, अपराध में प्रयुक्त सामान भी जब्त*
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सारा माल बरामद कर लिया है। इसमें चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, सोने के आभूषण, दान पेटी और नगदी शामिल हैं, जिसकी कुल कीमत 16 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने ताले काटने में इस्तेमाल किया गया इलेक्ट्रॉनिक कटर और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल को भी जब्त कर लिया है।

*गिरफ्तार आरोपी*
1. प्रशांत पटेल पिता अशोक पटेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
2. प्रभात पटेल पिता अशोक पटेल, उम्र 18 वर्ष 02 माह, निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
3. परमानंद पटेल पिता बंशी लाल पटेल, उम्र 25 वर्ष, निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
4. एक विधि से संघर्षरत बालक

*पुलिस टीम को मिली सराहना*
इस पूरी कार्रवाई में सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, राजकुमार चन्द्रा, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, सहबाज अहमद, रोहित कहरा, माखन साहू, चिरंजीव, कमलेश, पदमराज सिंह सहित थाना नवागढ़ प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना बम्हनीडीह प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित और प्रोफेशनल कार्रवाई की जिले भर में सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *