जांजगीर-चांपा: जिले में संचालित हो रहे अवैध रेत खन और भंडारण के खिलाफ जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जिले के सभी अवैध रेत घाटों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रेत माफियाओं द्वारा नदियों का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है। इससे पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ने के साथ-साथ शासन को राजस्व का भी नुकसान पहुंच रहा है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पत्र में विशेष रूप से नवागढ़ विकासखंड के ग्राम नवापारा (केवा) में संचालित एक अवैध रेत घाट का उल्लेख किया गया है। विधायक ने बताया कि इस घाट का निरीक्षण किया गया है और इसकी जानकारी टास्क फोर्स, खनिज विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी दे दी गई है।
विधायक का आरोप है कि रेत माफिया बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण कर बरसात के मौसम में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में हैं।
ब्यास कश्यप ने कलेक्टर से मांग की है कि जिले में संचालित सभी अवैध रेत खदानों को तत्काल बंद कराया जाए और अवैध रूप से भंडारित रेत को जब्त कर नियमानुसार नीलामी कराई जाए। इससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और शासन को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होगी।