जांजगीर-चांपा:जिले के पूटपुरा मोड़ के पास फोरलेन हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, दीपका निवासी *नीलेश श्रीवास (30 वर्ष)* अपने साथी *अजय श्रीवास* के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने पूटपुरा मोड़ के पास बाइक को सीधी और जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक हवा में उछलकर दूर जा गिरी और नीलेश सड़क पर गिरते ही दम तोड़ दिया। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर सामान बिखर गया। हादसे में अजय श्रीवास को गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए *रायपुर रेफर* कर दिया गया।
