जांजगीर-चांपा में दहशत: करही गांव में घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, बड़े बेटे की मौत, छोटा गंभीर…

जांजगीर-चांपा, 22 अप्रैल 2026। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में देर रात हुई फायरिंग की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। तीन नकाबपोश बदमाशों ने लूट की नीयत से सीमेंट-रेत व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में व्यवसायी के बड़े बेटे आयुष कश्यप की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल है।

*कमरों में बंद कर परिवार को बनाया निशाना*

जानकारी के मुताबिक देर रात तीन अज्ञात बदमाश घर में दाखिल हुए। आरोपियों ने सबसे पहले घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। इसके बाद परिवार को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाशों ने बड़े बेटे आयुष कश्यप पर दो गोलियां चलाईं, जबकि छोटे बेटे आशुतोष कश्यप पर भी एक फायरिंग की गई। गंभीर रूप से घायल आयुष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशुतोष के दाहिने हाथ में गोली लगी है।

*घायल को जिला अस्पताल में भर्ती, विधायक ने लिया जायजा*  

घटना के बाद घायल आशुतोष को तुरंत बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

करही गांव में सम्मेलाल कश्यप के घर हुए गोलीकांड के बाद हालात का जायजा लेने विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। बता दें कि सम्मेलाल कश्यप कांग्रेस के ब्लॉक उपाध्यक्ष और व्यवसायी हैं।

*पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार*  

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांजगीर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *