जांजगीर-चाम्पा, 1 मई 2026।* अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी OBC विभाग के जिलाध्यक्ष लोकेश राठौर ने एक अनूठी पहल करते हुए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक भोजन ‘बोरे बासी’ का सेवन कर श्रमिक दिवस मनाया। उन्होंने इस माध्यम से प्रदेश के लाखों मेहनतकश किसान-मजदूरों का सम्मान करते हुए पूरे देशवासियों को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
शुक्रवार को श्री राठौर ने अपने निवास पर पूर्ण सादगी के साथ जमीन पर बैठकर कांसे की थाली में बोरे बासी, प्याज, मिर्च और चटनी के साथ भोजन ग्रहण किया। इस दौरान का चित्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा – *”जय जोहार, हमर बोरे बासी तिहार।”*
मीडिया से चर्चा करते हुए लोकेश राठौर ने कहा, “बोरे बासी केवल एक भोजन नहीं है, यह छत्तीसगढ़ के किसान-मजदूर की पहचान है। यह हमारी माटी, हमारी संस्कृति और हमारे पुरखों की मेहनत का प्रतीक है। गर्मी के दिनों में खेतों में काम करने वाले श्रमिकों को यह ऊर्जा और ठंडक देता है। आज अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के दिन बोरे बासी खाकर मैं उन सभी हाथों को नमन करता हूं जो इस देश को बनाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से श्रमिकों, किसानों और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है। श्रमिकों के सम्मान में ही देश का सम्मान निहित है। एक राष्ट्र तभी तरक्की करता है जब उसके निर्माणकर्ता श्रमिकों को उचित सम्मान और अधिकार मिलते हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से श्रमिकों के कल्याण के लिए और अधिक ठोस योजनाएं बनाने की अपील भी की।
इस अवसर पर श्री राठौर ने सभी देशवासियों, प्रदेशवासियों और विशेषकर जिले के किसान-मजदूर भाइयों को श्रमिक दिवस की बधाई दी। उन्होंने नारा देते हुए कहा, *”जय जोहार, हमर बोरे बासी तिहार। श्रमेव जयते।”* अंत में उन्होंने “जय महाकाली” का उद्घोष कर अपनी बात समाप्त की।
गौरतलब है कि लोकेश राठौर अक्सर अपनी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े आयोजनों को लेकर चर्चा में रहते हैं। श्रमिक दिवस पर उनकी यह पहल सोशल मीडिया पर खूब सराही जा रही है।
—