किसानों से धोखा महंगा पड़ा: खरौद में उर्वरक गोदाम सील, 213 बोरी खाद जब्त..

*जांजगीर-चांपा, 17 जून 2026*

खरीफ सीजन के बीच किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को उप संचालक कृषि राकेश शर्मा की अगुवाई में टीम ने पामगढ़ ब्लॉक के खरौद स्थित मेसर्स विकास ट्रेडर्स के उर्वरक विक्रय केंद्र पर औचक छापा मारा।

निरीक्षण के दौरान दुकान में कई अनियमितताएं पाई गईं। पॉस मशीन में दर्ज उर्वरक का स्टॉक और गोदाम में मौजूद स्टॉक का मिलान नहीं हुआ। साथ ही दुकान में मूल्य सूची, लाइसेंस और निर्धारित मूल्य बोर्ड यथोचित स्थान पर चस्पा नहीं मिले।

इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने गोदाम में रखी *213 बोरी उर्वरक जब्त कर सील* कर दिया। जब्त खाद में सिंगल सुपर फॉस्फेट दानेदार 52 बोरी, एसएसपी पाउडर 53 बोरी, ट्रिपल सुपर फॉस्फेट 9 बोरी, एनपीके 5:15:0:10 की 78 बोरी और यूरिया की 21 बोरी शामिल है।

इसी अभियान में राहौद के मेसर्स गायत्री कृषि सेवा केंद्र पर भी कार्रवाई हुई। वहां बिना स्रोत प्रमाण पत्र के बीज बेचे जाने पर *76.75 क्विंटल बीज का विक्रय प्रतिबंधित* कर दिया गया।

*उप संचालक कृषि राकेश शर्मा* ने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को शासकीय दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज मिले, इसके लिए विभाग लगातार निजी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहा है। जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *