*जांजगीर-चांपा, 30 जून 2026*
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में किए गए सतत प्रयासों के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
यातायात पुलिस ने पूर्व में भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र प्रेषित कर बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर छोटे-बड़े सभी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की थी। निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर वाहन संचालन अत्यंत जोखिमपूर्ण होने तथा लगातार दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इस पर कड़ा रुख अपनाया था।
यातायात पुलिस के पत्र पर परियोजना निदेशक कोरबा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उरगा-बलौदा, पंतोरा-बिलासपुर भारतमाला मार्ग को पूर्णतः बंद कर दिया है। इससे निर्माण कार्य सुरक्षित एवं सुचारु रूप से पूरा हो सकेगा तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का उपयोग किसी भी स्थिति में न करें। जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, केवल वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में भारतमाला रोड पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, लाइट, सीसीटीवी सर्विलांस एवं अन्य सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
—