5 जुलाई से खुलेगी नहर, अंतिम छोर तक पहुंचेगा पानी: जल समिति का फैसला..

*जांजगीर-चांपा, 19 जून 2026*

कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक हुई। खरीफ 2026 के लिए सर्वसम्मति से 5 जुलाई से 30 अक्टूबर तक नहरों से पानी देने का निर्णय लिया गया।

बैठक में बताया गया कि हसदेव बांगो परियोजना से जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा और रायगढ़ के 2,47,400 हेक्टेयर में सिंचाई का लक्ष्य है। फिलहाल बांध में 55.82% पानी उपलब्ध है। नहरों की मरम्मत और अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर ने कृषि, सहकारी बैंक और बीज निगम के अफसरों को खाद-बीज व कीटनाशक का पर्याप्त भंडारण कर समय पर किसानों को देने के निर्देश दिए। खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई के आदेश भी दिए। नहर मरम्मत में देरी करने वाले ठेकेदारों पर भी कार्रवाई होगी।

बैठक में विधायक ब्यास कश्यप, विधायक बालेश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, CEO गोकुल रावटे, जनप्रतिनिधि, कृषक संगठन और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *