जांजगीर-चांपा:जिला जेल खोखरा में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया। नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के आरोप में बंद 21 साल का दुवास केंवट जेल के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना ने जेल प्रशासन की नींद उड़ा दी।
*एक दिन पहले ही आया था जेल*
कोरबा जिले के जवाली का रहने वाला दुवास केंवट 8 जून को बलौदा पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के केस में गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा और वो सोमवार को ही खोखरा जेल पहुंचा था। अगले दिन सुबह उसका शव कपड़े के फंदे पर लटका मिला।
*जांच में जुटी पुलिस*
सूचना मिलते ही पुलिस और जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब ये पता लगा रही है कि आरोपी ने ये कदम क्यों उठाया और जेल के अंदर उसे फांसी लगाने का मौका कैसे मिला।
*सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में*
इस घटना के बाद जेल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक नए बंदी ने जेल के अंदर ही फांसी लगा ली – इसका मतलब कहीं न कहीं चूक हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि लापरवाही किस स्तर पर हुई।
पुलिस के मुताबिक दुवास पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप था।
—