बिना बिल बेच रहे थे खाद: कृषि विभाग ने सोनडीह के ज्ञानेश्वर कृषि केन्द्र पर मारा छापा, गोदाम सील

360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फास्फेट जब्त, उप संचालक राकेश शर्मा बोले – खरीफ सीजन में कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं_

जांजगीर-चांपा, 03 जून 2026 : खरीफ सीजन से पहले जिले में उर्वरक की कालाबाजारी पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के निर्देश पर अकलतरा विकासखण्ड में औचक निरीक्षण के दौरान मेसर्स ज्ञानेश्वर कृषि केन्द्र, ग्राम सोनडीह से 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फास्फेट जब्त किया गया और प्रतिष्ठान के गोदाम को सीलबंद कर दिया गया।

उप संचालक कृषि को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को उर्वरक निरीक्षक दल को सोनडीह स्थित कृषि केन्द्र में भेजा गया। निरीक्षण में पाया गया कि ज्ञानेश्वर कृषि केन्द्र द्वारा किसानों को खाद बिना रजिस्टर में एंट्री किए, बिना पीओएस मशीन का उपयोग किए और बिना बिल जारी किए बेचा जा रहा था। यह उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 का स्पष्ट उल्लंघन है।

अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निरीक्षक दल के सदस्यों प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ए.के. जाटव, उर्वरक निरीक्षक पी.आर. काटले और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी विकास मिश्रा ने मौके से 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फास्फेट, जो मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट लिमिटेड द्वारा निर्मित है, को जब्त कर लिया। साथ ही उर्वरक प्रतिष्ठान के गोदाम को भी सील कर दिया गया।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर और उचित दर पर खाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध बिक्री पर विभाग लगातार निगरानी रख रहा है और ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *