*खोखरा, जांजगीर-चांपा, 3 मई 2026।* जांजगीर से लगे ग्राम खोखरा में मां मनका दाई मंदिर से लगे तालाब में रहने वाले लगभग 50 किलो वजनी कछुए पर अज्ञात लोगों द्वारा धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में कछुए की पीठ पर चोट आई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शनिवार सुबह घायल कछुए को देखकर *मां मनका दाई पब्लिक ट्रस्ट* के सदस्यों ने उसे तालाब से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर रखा। ट्रस्ट के सदस्यों ने ही चिकित्सा विभाग को सूचना दी है।
चिकित्सा विभाग की टीम शाम को आकर कछुए का इलाज करेगी। ग्रामीण इस कछुए को मंदिर का प्रतीक मानते हैं, इसलिए घटना से गांव में नाराजगी है। ट्रस्ट ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
—