‘कांग्रेस महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझती है’ – भाजपा प्रवक्ता विकास शर्मा का वार, कहा- महिला आरक्षण का विरोध शर्मनाक…

जांजगीर-चांपा:महिला आरक्षण विधेयक के लोकसभा में गिरने के बाद जांजगीर-चांपा में सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता विकास शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का महिलाओं को आरक्षण नहीं देने का असली चेहरा एक बार फिर जनता के सामने उजागर हो गया है। महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस जब अधिकार देने की बारी आती है, तब अपनी महिला विरोधी मानसिकता दिखाने लगती है, जो घोर निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा है। चुनाव के समय झूठे वादे करना और बाद में महिलाओं के अधिकारों से मुंह मोड़ लेना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। महिलाओं के आरक्षण का विरोध करना देश की आधी आबादी का अपमान है। विकास शर्मा ने छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह की भाजपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने पंचायत चुनाव में महिलाओं के सम्मान, भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत करने के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर ऐतिहासिक कार्य किया था। इस फैसले से हजारों महिलाएं नेतृत्व की मुख्यधारा में आईं और आत्मनिर्भर बनीं। यह भारतीय जनता पार्टी की नीयत और नीति दोनों को स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम करती है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस महिलाओं के हक पर डाका डालने का काम करती है। कांग्रेस को महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए और अपनी महिला विरोधी सोच पर जवाब देना चाहिए। विकास शर्मा ने चेतावनी दी कि देश और प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस की इस दोहरी राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी हैं और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *