*रायपुर, 16 अप्रैल 2026:*
छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी कड़ी में पहले चरण में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है।
*कहाँ-कितने पद भरेंगे:*
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कुल 2292 पदों में से 795 पद ई-संवर्ग यानि गैर-अनुसूचित क्षेत्र की शालाओं और 1497 पद टी-संवर्ग यानि अनुसूचित क्षेत्र की शालाओं में भरे जाएंगे। इससे प्रदेश के दूरस्थ अंचलों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी।
*परीक्षा कब और कौन लेगा:*
लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक श्री अशोक नारायण बंजारा ने बताया कि इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापम द्वारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
*कहां मिलेगा विज्ञापन और सिलेबस:*
श्री बंजारा ने बताया कि भर्ती से जुड़ा विस्तृत विज्ञापन जल्द ही छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट http://vyapam.cgstate.gov.in और स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा का पाठ्यक्रम भी व्यापम की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
*आवेदन कब से:*
फिलहाल ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि घोषित नहीं की गई है। इस संबंध में व्यापम द्वारा पृथक से सूचना जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से व्यापम की वेबसाइट चेक करते रहें।
*व्याख्याता के पदों पर भी होगी भर्ती:*
उपसंचालक ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप यह सिर्फ शुरुआत है। सहायक शिक्षक के बाद व्याख्याता एवं शिक्षक के पदों पर भर्ती के लिए भी पृथक से विज्ञापन जल्द जारी किए जाएंगे। कुल 5000 पदों पर भर्ती की जानी है।
*क्या रहेगी योग्यता:*
इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक अर्हता, आयु सीमा, आरक्षण एवं अन्य सभी शर्तें विस्तृत विज्ञापन में दी जाएंगी। सामान्य तौर पर सहायक शिक्षक के लिए http://D.Ed/D.El.Ed और TET पास होना अनिवार्य होता है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की इस पहल से प्रदेश के हजारों डीएड-बीएड डिग्रीधारी युवाओं में भर्ती को लेकर नई उम्मीद जगाई.