जांजगीर-चांपा, 20 मार्च 2026। जांजगीर-चांपा नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पार्षद सभापति अजीत गढ़ेवाल ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर पालिका प्रशासन का ध्यान स्वच्छता/कचरा संग्रहण शुल्क की नियमित वसूली की ओर आकर्षित किया है।
उन्होंने नगर पालिका अधिकारी को प्रेषित पत्र में उल्लेख किया है कि शासन के स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार दुकानदारों एवं आवासीय परिसरों से नियमानुसार कचरा संग्रहण शुल्क लिया जाना आवश्यक है, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि नगर के कुछ क्षेत्रों में अब तक यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो पाई है, जिससे स्वच्छता प्रबंधन प्रभावित हो रहा है।
पार्षद सभापति अजीत गढ़ेवाल ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं संवेदनशील निर्णय लिया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि नगर पालिका अधिनियम के अंतर्गत पट्टे पर संचालित शासकीय दुकानों तथा अन्य उपयोगकर्ताओं से भी नियमानुसार कचरा संग्रहण शुल्क वसूली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिक सहभागिता से जुड़ा विषय है। यदि शुल्क वसूली व्यवस्था पारदर्शी, व्यवस्थित और संवेदनशील तरीके से लागू की जाए, तो शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
नगर पालिका प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे जांजगीर-चांपा शहर में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।