चांपा, जांजगीर-चांपा।* चांपा थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। मृतक की पहचान मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने शिव को 20 लीटर देशी शराब रखने के आरोप में (अपराध क्रं. 478/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट) बुधवार दोपहर उसके घर से पकड़ा था। इसी मामले में लापरवाही पर आरक्षक क्रं. 836 ईश्वरी राठौर को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत बिगड़ गई। पहले उसे बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया, फिर गुरुवार सुबह 6 बजे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था।
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है और स्थिति को देखते हुए थाने में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।