जांजगीर-चांपा: कोसा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, प्रेम-प्रसंग के चलते भाई ने ही की थी हत्या, बहन और बड़े भाई ने छुपाई लाश..

*जांजगीर-चांपा, 9 सितंबर 2026*

थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम कोसा में हुए अमित भंडारी हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने आखिरकार 2 महीने बाद सुलझा लिया है। इस अंधे कत्ल में पुलिस ने एक महिला सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग निकली।

पुलिस ने इस केस को सुलझाने के लिए 200 से ज्यादा टावर डंप, CDR, IPDR, CCTV, ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट जैसी आधुनिक फॉरेंसिक तकनीक का सहारा लिया। बिलासपुर से आई ट्रैकर डॉग विमला की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले थे।

*गिरफ्तार आरोपी:*
1. बजरंग सिंह क्षत्रिय (मुख्य आरोपी)
2. संतोषी सिंह क्षत्रिय (बजरंग की बहन)
3. पप्पू सिंह क्षत्रिय (बजरंग का बड़ा भाई)

*कैसे हुई हत्या?*

पुलिस के मुताबिक मृतक अमित भंडारी का गांव की ही विवाहित महिला संतोषी सिंह से शादी से पहले से प्रेम-प्रसंग था। शादी के बाद भी दोनों फोन पर घंटों बात करते थे। अमित बाहर काम करता था, जब वह गांव लौटता तो संतोषी भी अपने पति से झगड़ा कर मायके आ जाती थी।

घटना वाली रात 27 जून को दोनों रात 1:30 बजे तक फोन पर बात कर रहे थे। रात करीब 2:30 बजे अमित संतोषी से मिलने उसके घर के पीछे पहुंचा। उसी वक्त संतोषी का भाई बजरंग सिंह टेंट का काम खत्म कर घर लौटा। घर के पीछे आवाज सुनकर वह वहां पहुंचा और अपनी बहन के साथ अमित को देखकर भड़क गया।

दोनों में विवाद और हाथापाई हुई। अंधेरे में अमित का सिर दीवार से टकरा गया। जब वह दीवार फांदकर भागने लगा तो बजरंग ने वहीं पड़े छोटे फावड़े / रापा से उसके सिर और छाती पर वार कर हत्या कर दी।

*लाश को छुपाया, फिर गांव के बीच में फेंका*

हत्या के बाद घबरा कर बजरंग ने लाश को घर के पीछे बाड़ी में झुरमुट के नीचे छुपा दिया, क्योंकि उसी रात गांव में चोरी की सूचना पर डायल 112 आई हुई थी और लोग जगे हुए थे। इस पूरे कांड को उसकी बहन संतोषी ने देखा और लाश छुपाने में मदद की।

अगले दिन 28 जून को बड़ा भाई पप्पू सिंह गांव लौटा। बजरंग ने उसे पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों ने मिलकर प्लान बनाया। वे मृतक के परिजनों के साथ अमित को ढूंढने का नाटक करते रहे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाना मुलमुला भी गए ताकि पुलिस को शक न हो।

फिर 28 जून की आधी रात करीब 12 बजे मौका पाकर दोनों ने लाश को गांव के बीचो-बीच ऐसी जगह रख दिया, जहां किसी को उन पर शक न हो। 29 जून की सुबह लाश बरामद हुई।

*कैसे पकड़े गए आरोपी?*

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। डॉग विमला के इशारे, आरोपियों के मोबाइल लोकेशन, घटना के बाद उनका संदिग्ध व्यवहार और बार-बार बयान बदलने से पुलिस का शक गहरा गया।

ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट में संदेह पक्का होने के बाद सख्ती से पूछताछ में तीनों ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल फावड़ा / रापा और लाश ले जाने में इस्तेमाल लोहे की छोटी सीढ़ी बरामद कर ली है।

फिलहाल संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी बजरंग सिंह को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *