दीपावली पर अस्थाई फटाका लाइसेंस के लिए 09 अक्टूबर तक आवेदन, कलेक्टर कार्यालय ने जारी किया आदेश..

*जांजगीर-चांपा।* दीपावली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने अस्थाई फटाका अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक व्यापारी एवं व्यक्ति 09 अक्टूबर 2026 तक लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार आवेदक को विस्फोटक नियम 2008 के तहत निर्धारित प्ररूप-एल ई 05 में आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन के साथ साइट मैप / स्थल नक्शा, स्वयं का नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, फोटोयुक्त परिचय पत्र, संबंधित नगर पालिका / नगर पंचायत / ग्राम पंचायत का अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं विस्फोटक नियम 2008 के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले अथवा अधूरे दस्तावेज वाले आवेदनों को निरस्त कर दिया जाएगा। दीपावली पर अस्थाई फटाका बिक्री के लिए केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं को ही अनुमति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *