जांजगीर-चांपा: देवरी-चिचोली में बड़ा हादसा, हसदेव नदी में नहाने गए चौकसे कॉलेज के 3 छात्र तेज बहाव में बहे, SDRF का रेस्क्यू जारी…

*जांजगीर-चांपा।* जिले के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट देवरी-चिचोली में एक बार फिर लापरवाही ने तीन परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज से पिकनिक मनाने पहुंचे तीन छात्र हसदेव नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गए। तीनों छात्र नदी में लापता बताए जा रहे हैं।

 

जानकारी के अनुसार बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के छात्र पिकनिक के लिए देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। इस दौरान तीन छात्र हसदेव नदी में नहाने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था। इस समय हसदेव नदी पूरे उफान पर है और पानी का बहाव बेहद तेज है। नहाने के दौरान तीनों छात्र अचानक तेज धार और भंवर की चपेट में आ गए और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए।

 

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। साथ आए अन्य छात्रों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही SDRF और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक तीनों छात्रों की तलाश जारी थी।

 

*एक गलत कदम और उजड़ गए तीन परिवार*

मां-बाप अपने बच्चों को पढ़ने-लिखने और बेहतर भविष्य के सपने के साथ घर से बाहर भेजते हैं, लेकिन बिना सुरक्षा का ध्यान रखे उठाया गया एक गलत कदम जिंदगी पर भारी पड़ गया। कुछ घंटों की मस्ती अब तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम बन गई है।

 

*सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल*

यह हादसा सिर्फ तीन छात्रों के बहने की घटना नहीं, बल्कि पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा और जागरूकता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। जब नदी उफान पर हो तो खतरनाक जगहों पर नहाने से रोकने के लिए पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती क्यों नहीं है? प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है।

 

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव के दौरान नदी में न उतरें और बच्चों को भी इस तरह के खतरनाक स्थानों से दूर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *