*जांजगीर-चांपा*
मुलमुला थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से 1.30 लाख रुपये के 4 एयर कंडीशनर और 2 पंखे चोरी करने वाले दो सगे भाइयों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का पूरा सामान और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली।
प्रार्थी राहुल अग्रवाल, निवासी झलमला रोड नरियरा, ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने निर्माणाधीन मकान में फिटिंग के लिए 17 AC और 4 सीलिंग फैन रखे थे। 31 मई की सुबह काम करने वाले विकास ने सूचना दी कि कमरे का ताला टूटा है। मौके पर पहुंचने पर 4 AC और 2 सीलिंग फैन गायब मिले। अज्ञात चोर ताला तोड़कर करीब 1.30 लाख रुपये का सामान ले गए थे।
मामले की गंभीरता देखते हुए थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 202/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305(A) एवं 3(5) BNS के तहत विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखे संदिग्ध की पहचान अमित केंवट, निवासी बनाहिल के रूप में हुई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अमित अपने सगे भाई के साथ मिलकर चोरी करता है। पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरू में गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने जुर्म कबूल कर लिया। अमित ने बताया कि उसने अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपी अमित केंवट, 22 वर्ष, और अमर केंवट, 24 वर्ष, दोनों पिता रामचरण केंवट, निवासी बनाहिल चट्टान पारा, थाना मुलमुला हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 4 एयर कंडीशनर, 2 सीलिंग फैन और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11Z E-1377 बरामद की। इस पूरे प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रमोद महार, फूलेश्वर सिदार, राजमणी द्विवेदी, आरक्षक राजेश कश्यप, मनभावन पटेल, भूपेन्द्र कंवर, मनोहर जगत, गोपेश्वर पटेल, रामगोपाल भारती एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।