जांजगीर-चांपा, 02 जून 2026 – तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में बंधक बनाकर रखे गए जिले के 41 श्रमिकों को जिला प्रशासन की पहल पर मुक्त करा लिया गया है। इनके साथ महिलाओं और बच्चों सहित कुल 50 लोग शामिल हैं।
जिला प्रशासन के मुताबिक श्रमिकों को तिरुवल्लूर के देवांद्वकाम गांव में काम के लिए ले जाया गया था, जहां उन्हें कम मजदूरी देकर जबरन काम कराया जा रहा था। शिकायत मिलने पर तिरुवल्लूर प्रशासन ने कार्रवाई कर श्रमिकों का रेस्क्यू कराया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए तिरुवल्लूर जिला प्रशासन से संपर्क कर समन्वय किया। स्थानीय प्रशासन और एनजीओ की मदद से श्रमिकों को मुक्त कराया गया। कलेक्टर ने स्वयं श्रमिकों से दूरभाष पर बात कर हालचाल जाना और सुरक्षित वापसी का आश्वासन दिया।
तिरुवल्लूर प्रशासन ने श्रमिकों को भोजन, यात्रा टिकट और अवमुक्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए हैं। श्रम पदाधिकारी समीर मिश्रा ने बताया कि श्रमिकों के घर पहुंचने तक जिला प्रशासन निगरानी रखेगा और आवश्यक आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।