जांजगीर-चांपा, 17 अप्रैल 2026:*
छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 2026 (TDC26) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों में कुल 6664 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर व्यापम और जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पूर्व यानी 18 अप्रैल को अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन जरूर कर लें, ताकि परीक्षा वाले दिन किसी तरह की असुविधा न हो। परीक्षा वाले दिन अभ्यर्थियों को कम से कम 2 घंटे पहले यानी सुबह 8 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा, ताकि समय रहते फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। 19 अप्रैल को सुबह ठीक 10:30 बजे सभी केंद्रों के गेट बंद हो जाएंगे, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त निर्देश हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह वर्जित रहेंगे। केवल बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति होगी, जिसकी जांच के समय उतारकर सुरक्षा कर्मी को दिखाना होगा। फुटवियर के रूप में सिर्फ चप्पल पहनकर आएं। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, पर्स, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी और मोबाइल जैसे उपकरण ले जाना पूर्णतः मना है। परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा, क्योंकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और उसकी अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न हो सके।