जांजगीर-चांपा, 17 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ में पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिले के स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली है। कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और अशासकीय स्कूलों में 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
*पहले 1 मई से थी छुट्टी, अब 10 दिन पहले:*
शिक्षा विभाग द्वारा पहले जारी आदेश क्रमांक GENCOR-35010/2449/2025 के अनुसार प्रदेश में 1 मई से 15 जून तक गर्मी की छुट्टी घोषित थी। लेकिन वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी और लू से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए राज्य शासन ने अवकाश में आंशिक संशोधन किया है। नए आदेश के तहत अब छुट्टी 10 दिन पहले यानि 20 अप्रैल से ही शुरू हो जाएगी।
*कलेक्टर का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू:*
कार्यालय कलेक्टर (शिक्षा), जिला-जांजगीर-चांपा द्वारा 17 अप्रैल को जारी आदेश क्रमांक 2782/शाला संचालन/2026 में स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। जिले की सभी शालाएं 20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रहेंगी।
*शिक्षकों को नहीं मिलेगी छुट्टी:*
आदेश में सबसे अहम बात यह है कि यह ग्रीष्मकालीन अवकाश सिर्फ छात्रों के लिए है। यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा। शिक्षकों के लिए विभागीय आदेश दिनांक 22.09.2025 की शेष कंडिकाएं यथावत रहेंगी। यानि शिक्षकों को स्कूल आना पड़ सकता है।
*इनको भेजी गई आदेश की कॉपी:*
कलेक्टर ने इस आदेश की प्रतिलिपि सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, संचालक लोक शिक्षण, संभागीय संयुक्त संचालक बिलासपुर, जिला शिक्षा अधिकारी, सभी BEO, सभी प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी है।
*अभिभावकों ने ली राहत की सांस:*
तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचने और लू चलने से अभिभावक लगातार छुट्टियां जल्दी करने की मांग कर रहे थे। सुबह 11 बजे बाद बच्चों का स्कूल से घर लौटना मुश्किल हो रहा था। इस आदेश के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।